मंगलवार, 3 नवंबर 2026 📍 उत्तर प्रदेश संस्करण पत्रकार बनें विज्ञापन दें रिपोर्टर पोर्टल →
✓ सटीक • निष्पक्ष • सबसे तेज
पोर्टल
बड़ी खबर
📍 मऊ • सदर 👁 4 दृश्य

उज्जवला योजना के तहत मऊ जिले की महिलाओं को मिला दिवाली तोहफा

✍ रिपोर्टर: Sushil singh 🏛 फाइनल अप्रूवल: Sushil Singh 🕒 मंगलवार, 3 नवंबर 2026, 9:33 pm 👁 4 यूनिक दृश्य (24घं)
Sushil singh
✍ Sushil singh 📍 मऊ • सदर 👥 1 फॉलोवर्स

मऊ। दीपावली से पहले प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का तोहफा दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मऊ नगर पालिका के कम्युनिटी हॉल में सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शाम 5:30 बजे तक चला। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने देखा।

जनपद में करीब 1 लाख 60 हजार उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं, जिन्हें दीपावली से पहले रसोई गैस सिलेंडर रिफिल पर सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना की शुरुआत महिलाओं के स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर की थी।

उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण और गरीब परिवारों की महिलाएं लकड़ी, गोबर के उपले और अन्य पारंपरिक ईंधनों से खाना बनाती थीं। इससे निकलने वाला धुआं महिलाओं के फेफड़ों और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता था। साथ ही ईंधन के लिए पेड़ों की कटाई से पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था।

मंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों तक रसोई गैस की सुविधा पहुंचाई गई। पहले एलपीजी कनेक्शन को संपन्न परिवारों की सुविधा माना जाता था, लेकिन योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने त्योहारों पर लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जिससे लाखों परिवारों को राहत मिल रही है। दीपावली पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ दिए जाने पर उन्होंने लाभार्थियों को बधाई दी।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने जनपदवासियों और प्रदेशवासियों को दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।

📤 शेयर करें:
📘 Facebook 𝕏 X ✈️ Telegram
📍 मऊ की और खबरें